Udayprabhat
uttrakhand

बिजली कटौती से नाराज कांग्रेस विधायक, अधिकारियों के आवासों की काटी बिजली

रुड़की: हरिद्वार जिले की झबरेड़ा विधानसभा से कांग्रेस विधायक वीरेंद्र जाति ने बिजली कटौती के खिलाफ ऐसा विरोध दर्ज कराया, जिसने पूरे प्रशासनिक महकमे में हलचल मचा दी। ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज विधायक मंगलवार को खुद खंभे पर चढ़े और बिजली विभाग के अधिकारियों के आवासों की सप्लाई काट दी।

विधायक वीरेंद्र जाति करीब 15 दिन पहले विद्युत विभाग के तत्कालीन अधीक्षण अभियंता अमित कुमार से मिलकर देहात क्षेत्रों में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर आपत्ति जता चुके थे। उन्होंने साफ कहा था कि सुबह-शाम की कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दिनचर्या और रोजमर्रा के कामकाज पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
उस दौरान विधायक ने चेतावनी भी दी थी कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वह खुद अधिकारियों के आवासों की बिजली काट देंगे। तय समय सीमा के भीतर अधीक्षण अभियंता का तबादला तो हो गया, लेकिन बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं आया।

इसके बाद विधायक रुड़की पहुंचे और अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता समेत अन्य बिजली अधिकारियों के आवासों की बिजली लाइन खुद काट दी। इस दौरान वह लाइनमैन की तरह प्लास पकड़े नजर आए।
विधायक ने कहा कि जब तक अधिकारी वही परेशानी नहीं झेलेंगे, जो जनता झेल रही है, तब तक व्यवस्था नहीं सुधरेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता के हक की बिजली किसी की मनमर्जी से नहीं चलेगी।

वीरेंद्र जाति ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो जेई, एसडीओ और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी इसी तरह का विरोध किया जाएगा।

Leave a Comment