लक्सर: कड़ाके की ठंड में हीटर, गीजर और पानी गर्म करने वाले उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ऊर्जा निगम ने सख्त कार्रवाई की है। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में मंगलवार तड़के ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम ने अब तक की सबसे बड़ी बिजली चोरी विरोधी कार्रवाई करते हुए 75 घरों में अवैध बिजली उपयोग पकड़ा है। इस दौरान करीब ₹22 लाख का जुर्माना लगाया गया है।
ऊर्जा निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कनेक्शन और कटिया डालकर भारी मात्रा में बिजली चोरी की जा रही है। अचानक बढ़े बिजली लोड को देखते हुए देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने सुबह करीब पांच बजे लक्सर क्षेत्र के पांच गांवों में एक साथ छापेमारी की।
जांच के दौरान कहीं कटिया डालकर, तो कहीं छत से केबल काटकर पानी की टंकी में रॉड डालकर पानी गर्म किया जा रहा था। कई घरों में हीटर, गीजर और अन्य बिजली उपकरण अवैध रूप से चलते पाए गए।
कार्रवाई के दौरान 17 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए, जबकि सभी 75 दोषी उपभोक्ताओं की अवैध केबल हटाकर जब्त कर ली गईं। ऊर्जा निगम अधिकारियों के अनुसार, दोषियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

बकाएदार उपभोक्ताओं पर 22 लाख का जुर्माना लगा: ऊर्जा निगम लक्सर के अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार ने बताया कि-
विजिलेंस टीम द्वारा की गई छापेमारी में जिन उपभोक्ताओं पर 5 हजार रुपये से अधिक का बकाया था, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई. कुल मिलाकर करीब 22 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे. दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
-देवेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम-
इस अभियान से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. इस संयुक्त कार्रवाई में धनंजय कुमार एई विजिलेंस, विकास कुमार एई विजिलेंस, रोबिन सिंह मनौरिया एई विजिलेंस, मारुत शाह इंस्पेक्टर विजिलेंस, सरिता शाह इंस्पेक्टर विजिलेंस, संजीव त्यागी सब इंस्पेक्टर विजिलेंस, सपना अवर अभियंता एवं अनीता काला अवर अभियंता शामिल रहीं.
