Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड में पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पेशी के लिए ले जाए जा रहे मोस्ट वांटेड को लगी गोली

लक्सर (हरिद्वार): उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बुधवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देती सनसनीखेज वारदात सामने आई। लक्सर ओवरब्रिज पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में पुलिस हिरासत में कोर्ट ले जाए जा रहे कुख्यात अपराधी विनय त्यागी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, रुड़की पुलिस विनय त्यागी को लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान ओवरब्रिज पर लगे जाम का फायदा उठाते हुए बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस गाड़ी को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में विनय त्यागी को दो से तीन गोलियां लगीं।

घटना के तुरंत बाद पुलिस घायल बदमाश को लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि विनय त्यागी पर लूट, डकैती समेत 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल है।
वारदात की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। जाम के दौरान अज्ञात बदमाशों ने अचानक फायरिंग की, जिसमें पेशी पर ले जाए जा रहे आरोपी को गोली लगी है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।  जब उनसे घायल बदमाश के किसी कुख्यात गैंग से संबंध को लेकर सवाल किया गया तो एसपी देहात ने इस पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।

Leave a Comment