Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने नैनीतात को दी बड़ी सौगातें, कारों की पार्किंग का किया भूमि पूजन, इन योजनाओं का किया शिलान्यास

मेट्रोपोल क्षेत्र में बनेगी बहुप्रतीक्षित सर्फेस पार्किंग, विंटर कार्निवल में भी हुए शामिल

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल शहर को बड़ी विकासात्मक सौगात देते हुए मेट्रोपोल स्थित शत्रु संपत्ति में बनने वाली सर्फेस कार पार्किंग का भूमि पूजन किया। करीब 42 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस पार्किंग में लगभग 600 वाहनों की व्यवस्था होगी, जिससे भविष्य में नैनीताल की गंभीर पार्किंग समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही मेट्रोपोल क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और एलिवेटेड सड़क का निर्माण भी किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई पार्किंग सुविधा के निर्माण से पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में कुल 121 करोड़ 52 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 13 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 30 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से 2 योजनाओं का लोकार्पण तथा 90 करोड़ 86 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इसके तहत 29 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से सूखाताल झील को रिचार्जिंग जोन एवं टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस योजना में दो झीलों का निर्माण, डक्ट निर्माण, एयरेशन प्लांट की स्थापना, नौ दुकानों का निर्माण, शौचालय ब्लॉक, लिफ्ट व ट्रांजिट भवन तथा झील के चारों ओर पैदल पथ का निर्माण शामिल है। वहीं 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से हल्द्वानी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (कालाढूंगी रोड) के पुस्तकालय भवन की संरचनात्मक दृढ़ता और पुनरुद्धार कार्य कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं का किया शिलान्यास
  • 9.63 करोड़ रुपये-बेतालघाट क्षेत्र में दूनीखाल–रातीघाट पाडली मोटर मार्ग पर प्री-स्ट्रेस मोटर पुल निर्माण
  • 34.03 करोड़ रुपये-नैनीताल तल्लीताल में ऑटोमेटेड मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग (202 चार पहिया व 96 दो पहिया वाहन क्षमता)
  • 38.57 करोड़ रुपये-रामनगर पुरानी तहसील भूमि पर बहुमंजिला पार्किंग (343 वाहन क्षमता व 16 दुकानें)
  • रामनगर में DMF योजना के अंतर्गत दो स्थानों पर 10.29–10.29 लाख रुपये से सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर की स्थापना
  • 60.57 लाख रुपये-बेतालघाट के ग्राम अमेल में लिफ्ट सिंचाई योजना
  • 61.23 लाख रुपये-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के 4 विद्यालयों में मरम्मत व निर्माण
  • 4.04 करोड़ रुपये-लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के 14 विद्यालयों एवं 1 आंगनबाड़ी केंद्र में मरम्मत व निर्माण
  • 2.08 करोड़ रुपये-कालाढूंगी विधानसभा में विद्यालय, सड़क, सीएचसी व उपकेंद्र से जुड़े कार्य
  • 78.22 लाख रुपये-रामनगर विधानसभा क्षेत्र के 4 विद्यालयों में मरम्मत कार्य
  • 28.82 लाख रुपये-गौला नदी के दानीजाला में रिवर क्रॉसिंग केबल निर्माण

Leave a Comment