अस्पताल की बेडशीट, गद्दे और सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सीएमएस संग किया निरीक्षण
सीएमएस ने 2–4 दिन में व्यवस्थाएं सुधारने का दिया आश्वासन
देहरादून: विकासनगर उप जिला चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर जन संघर्ष मोर्चा भड़क उठा। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने अपनी टीम के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में अधिकांश बेडशीट और गद्दे खराब हालत में पाए गए, वहीं सफाई व्यवस्था भी बेहद लचर नजर आई। सीवरेज कार्य के चलते अस्पताल परिसर में धूल-मिट्टी अधिक होने पर भी नेगी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि आवश्यक सुविधाओं को लेकर एक मांग पत्र तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाए, ताकि शासन स्तर पर बजट स्वीकृत कराया जा सके।
इस पर सीएमएस डॉ. चौहान ने आश्वासन दिया कि 2 से 4 दिनों के भीतर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया जाएगा। नेगी ने बताया कि पूर्व में मोर्चा के प्रयासों से 70–80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराई गई थी, जिससे अस्पताल में कई सुधार कार्य हुए और मरीजों को राहत मिली।
