Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

ग्रीन बिल्डिंग की धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, जून 2026 तक काम पूरा करने का दिया अल्टीमेटम

स्मार्ट सिटी अधिकारियों को फटकार, लेबर और मटीरियल प्लान तलब
डबल शिफ्ट में काम कर निर्माण गति बढ़ाने के निर्देश

देहरादून। हरिद्वार रोड स्थित स्मार्ट सिटी लिमिटेड परियोजना के तहत निर्माणाधीन ग्रीन बिल्डिंग की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार को ऋषिपर्णा सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ग्रीन बिल्डिंग परियोजना का निर्माण कार्य किसी भी हाल में जून 2026 तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्मार्ट सिटी लिमिटेड को आज ही पर्ट चार्ट, संशोधित मटीरियल प्लान और लेबर प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान सामने आया कि निर्धारित 175 श्रमिकों के सापेक्ष केवल 125 श्रमिक कार्यरत हैं और अब तक मात्र 36 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हो पाया है। विगत एक माह में केवल 10 प्रतिशत प्रगति पर डीएम ने कड़ी आपत्ति जताई और श्रमिकों की संख्या तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए।

डीएम सविन बंसल ने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता, पर्यावरण अनुकूल तकनीक और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया। उन्होंने साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और डबल शिफ्ट में कार्य कर परियोजना को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Comment