Udayprabhat
uttrakhand

11 जनवरी को उत्तराखंड बंद का ऐलान, अंकिता के पिता की जनता से भावुक अपील

न्याय की मांग को लेकर फिर उफान पर जनाक्रोश
व्यापारी वर्ग से सहयोग की अपील, CBI जांच पर जोर

पौड़ी गढ़वाल। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में एक बार फिर माहौल गरमा गया है। मामले में नए खुलासों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद प्रदेशभर में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में विभिन्न संगठनों ने 11 जनवरी को उत्तराखंड बंद का आह्वान किया है। इस बंद को लेकर अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने भी प्रदेश की जनता से सहयोग की अपील की है।

अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि अंकिता केवल उनकी बेटी नहीं, बल्कि पूरे भारत की बेटी थी। उन्होंने कहा कि बेटी को न्याय दिलाने के लिए यह संघर्ष जारी है और 11 जनवरी का उत्तराखंड बंद उसी का हिस्सा है। उन्होंने विशेष रूप से व्यापारी वर्ग से अपील की कि वे बंद को समर्थन देकर न्याय की लड़ाई में साथ दें।

उर्मिला सनावर से नहीं हुई बातचीत

उर्मिला सनावर द्वारा जारी किए गए वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि उनकी अभी तक उर्मिला से कोई बातचीत नहीं हुई है, लेकिन उनके बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग दोहराई।

गौरतलब है कि हाल ही में उर्मिला सनावर ने एक वीडियो जारी कर सुरेश राठौर से जुड़ी कथित बातचीत का ऑडियो सार्वजनिक किया था। इसके बाद से प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस समेत कई संगठनों ने भी सीबीआई जांच की मांग की है।

इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार किसी भी जांच से पीछे नहीं हटेगी और वे स्वयं अंकिता के माता-पिता से मुलाकात करेंगे।

Leave a Comment