Udayprabhat
uttrakhand

ऋषिकेश पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, गीता भवन के शताब्दी समारोह में हुए शामिल, सीएम धामी भी मौजूद

ऋषिकेश:  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार 21 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। अपने दौरे के पहले दिन उन्होंने ऋषिकेश स्थित गीता भवन में आयोजित ‘कल्याण शताब्दी महोत्सव’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। गीता भवन के कार्यक्रम के बाद वह सड़क मार्ग से हरिद्वार स्थित शांतिकुंज के लिए रवाना हुए।

गृह मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए ऋषिकेश और हरिद्वार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उल्लेखनीय है कि गीता प्रेस से प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 20 से 22 जनवरी तक गीता भवन, स्वर्गाश्रम में शताब्दी वर्ष समारोह आयोजित किया जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह पहले दिन ही मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी कारण मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में पुलिस हाई अलर्ट पर है। देहरादून के बैराज पुल के पास भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

कार्यक्रम से पहले कांग्रेस का हंगामा

गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस ने हरिद्वार बॉर्डर पर हंगामा भी किया। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला काशीपुर के किसान सुखवंत की आत्महत्या मामले और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के कथित विवादित बयान को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री को ज्ञापन देना चाहती थीं।
ज्योति रौतेला का आरोप है कि बीती रात जब वह हरिद्वार से देहरादून जा रही थीं, तब हरिद्वार बॉर्डर पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से गृह मंत्री को ज्ञापन देना चाहती थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन रोक दिया, जो पूरी तरह गलत है।

Leave a Comment