Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

दून में VIP नंबरों का क्रेज चरम पर, 0001 के लिए वकील ने लगाई 13.74 लाख की बोली

UK07 HJ 0001 ने मचाया तहलका, 13.74 लाख में बिका VIP नंबर

देहरादून: राजधानी देहरादून में अब गाड़ियों की पहचान सिर्फ ब्रांड से नहीं, बल्कि नंबर से भी तय हो रही है। वीआईपी और फैंसी वाहन नंबर दूनवासियों के लिए तेजी से स्टेटस सिंबल बनते जा रहे हैं। लोग खास नंबर पाने के लिए लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे।

परिवहन विभाग की हालिया ऑनलाइन नीलामी में इसका ताजा उदाहरण देखने को मिला, जब UK 07 HJ 0001 नंबर के लिए 13 लाख 74 हजार रुपये की भारी-भरकम बोली लगी। यह बोली शहर के जाने-माने अधिवक्ता आलोक पुंडीर ने लगाई, जिन्होंने अपनी नई मर्सिडीज GLS के लिए यह खास नंबर हासिल किया।

हालांकि, देहरादून में 0001 नंबर की अब तक की सबसे ऊंची बोली 13 लाख 77 हजार रुपये (UK 07 HC सीरीज) रही है, लेकिन UK 07 HJ 0001 की बोली भी इतिहास में दूसरे स्थान पर दर्ज हो गई है।

दून में बढ़ता फैंसी नंबरों का जुनून

लगातार लग रही ऊंची बोलियां यह साफ इशारा कर रही हैं कि देहरादून में खास नंबरों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। 0001, 0007, 0786 जैसे नंबर अब सिर्फ वाहन की पहचान नहीं, बल्कि रुतबे और प्रतिष्ठा का प्रतीक बन चुके हैं।

जानिए किस नंबर के लिए कितनी बोली लगी

UK 07 HJ 0003 –: ₹4,87,000
UK 07 HJ 0007 –: ₹3,66,000
UK 07 HJ 0005 –: 1,32,000
UK 07 HJ 0009 –: ₹1,60,000
UK 07 HJ 0006 –: ₹1,78,000
UK 07 HJ 7000 –: ₹1,51,000
UK 07 HJ 7777 –: ₹1,80,000

0001 नंबर कैसे मिलता है?

यदि आप 0001 नंबर लेना चाहते हैं, तो इसकी न्यूनतम कीमत 1 लाख रुपये है। सबसे पहले यह राशि जमा करनी होती है, इसके बाद आप ऑनलाइन बोली प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
0001 और 0786 –: न्यूनतम कीमत ₹1,00,000
अन्य फैंसी नंबर –: न्यूनतम कीमत ₹25,000 या ₹10,000

0786 नंबर का क्रेज घटा

एक समय बेहद लोकप्रिय रहा 0786 नंबर अब देहरादून में आकर्षण खोता दिख रहा है। हालांकि इसकी न्यूनतम कीमत भी 1 लाख रुपये है, लेकिन इस बार नीलामी में इस नंबर पर किसी ने बोली नहीं लगाई।

23 फैंसी नंबरों की हुई ऑनलाइन नीलामी

देहरादून आरटीओ संदीप सैनी के अनुसार, UK 07 HJ सीरीज में कुल 23 फैंसी नंबरों की ऑनलाइन नीलामी हुई। इनमें सबसे ऊंची बोली UK 07 HJ 0001 के लिए 13.74 लाख रुपये रही, जिसके बाद यह वीआईपी नंबर संबंधित वाहन को आवंटित कर दिया गया।

Leave a Comment