Udayprabhat
uttrakhand

रुड़की में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका, जोरदार धमाके से मचा हड़कंप, दो लोग गंभीर

रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर चुंगी स्थित एक चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुकान पर मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे रामपुर चुंगी स्थित चाय की दुकान में अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि दुकान के परखच्चे उड़ गए और उसकी आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

हादसे के समय दुकान पर चाय पी रहे दो लोग मलबे और आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक बताते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक चाय की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण गैस रिसाव माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment