देहरादून: थाना राजपुर क्षेत्र में जमीन हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। मेरीवल एस्टेट, मसूरी निवासी अमरदेव खंडूड़ी की तहरीर पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र रावत उर्फ जित्ती समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित के अनुसार, झड़ीपानी स्थित शहंशाही रिसोर्ट के पीछे उनकी पैतृक भूमि है। वर्ष 2022 में इस जमीन को खरीदने के लिए संपूर्णानंद त्यागी ने उनसे संपर्क किया और उनकी मुलाकात बलराम यादव व जगत राम डोगरा से करवाई। आरोप है कि इन लोगों ने जमीन खरीदने का भरोसा दिलाकर इकरारनामा किया और कुछ रकम अदा करने के बाद भूमि के एक हिस्से की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। इसके बदले दिए गए चेक बाद में बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने रकम के लिए संपर्क किया तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। नवंबर 2025 में तीनों आरोपियों ने उन्हें ढाकपट्टी, राजपुर मार्ग स्थित एक मकान पर बुलाया, जहां दबाव बनाकर सभी चेक वापस ले लिए गए और शेष जमीन भी बिना भुगतान अपने नाम कराने का दबाव डाला गया। ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोप है कि इसके बाद पीड़ित को व्हाट्सएप के माध्यम से धमकी भरे फोन आने लगे। कॉल करने वाले ने खुद को जितेंद्र रावत उर्फ जित्ती बताते हुए बच्चों और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और बिना किसी रकम के पूरी जमीन आरोपियों के नाम कराने को कहा।
हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र उर्फ जित्ती इससे पहले भी कई मामलों में विवादों में रह चुका है। अप्रैल 2025 में उस पर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगा था। इसके अलावा नेहरू कॉलोनी और रायपुर थानों में भी उसके खिलाफ पूर्व में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल वह जमानत पर बाहर बताया जा रहा है।
थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जितेंद्र रावत उर्फ जित्ती, संपूर्णानंद त्यागी, बलराम यादव और जगत राम डोगरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
