देहरादून: उत्तराखंड के बिजली उपभोक्ताओं के लिए फरवरी का महीना महंगाई की नई चुनौती लेकर आया है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने फ्यूल एंड पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (FPPCA) के तहत बिजली की दरों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों का सीधा असर होली के आसपास आने वाले बिजली बिलों में देखने को मिलेगा।
ऊर्जा निगम की ओर से फरवरी माह के लिए बिजली दरों में 4 पैसे से लेकर 15 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है। निगम प्रबंधन के अनुसार यह बढ़ोतरी ईंधन और बिजली खरीद लागत में हुए बदलाव के चलते की गई है। नई दरों को यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार की मंजूरी के बाद बुधवार को आधिकारिक रूप से जारी किया गया।
एफपीपीसीए के तहत बढ़ीं दरें
मासिक एफपीपीसीए व्यवस्था लागू होने के बाद से उपभोक्ताओं पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। हर महीने दरों में होने वाले उतार-चढ़ाव से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच केवल तीन बार ही बिजली दरों में राहत मिली, जबकि 10 महीनों में कीमतों में बढ़ोतरी की गई। लगातार बढ़ते बिलों से उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
घरेलू बिजली 10 पैसे प्रति यूनिट महंगी
नई एफपीपीसीए दरों के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में बिजली दरों में यह बढ़ोतरी की गई है—
बीपीएल श्रेणी: 0.4 पैसे प्रति यूनिट
घरेलू उपभोक्ता: 10 पैसे प्रति यूनिट
कॉमर्शियल: 14 पैसे प्रति यूनिट
सरकारी संस्थान: 13 पैसे प्रति यूनिट
निजी ट्यूबवेल: 0.4 पैसे प्रति यूनिट
कृषि उपभोक्ता: 0.7 पैसे प्रति यूनिट
उद्योग: 13 पैसे प्रति यूनिट
मिक्स लोड: 12 पैसे प्रति यूनिट
रेलवे: 12 पैसे प्रति यूनिट
ईवी चार्जिंग स्टेशन: 12 पैसे प्रति यूनिट
अस्थायी कनेक्शन: 15 पैसे प्रति यूनिट (सबसे अधिक)
