पिथौरागढ़: पिथौरागढ़-बागेश्वर सीमा पर स्थित बनकोट क्षेत्र की 10 ग्राम पंचायतों को बागेश्वर जिले में शामिल करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। लंबे समय से लंबित इस मांग को लेकर ग्रामीणों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला किया है। संघर्ष समिति ने 15 फरवरी से क्रमिक अनशन शुरू करने का ऐलान किया है।
इस संबंध में संघर्ष समिति की बैठक पूर्व सूबेदार मेजर शिवराज सिंह बनकोटी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक ग्राम सभा से पांच-पांच लोग क्रमिक अनशन में शामिल होंगे। अनशन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक पंचायत घर बनकोट में किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि बागेश्वर जिला मुख्यालय महज 30 किलोमीटर की दूरी पर है, जबकि पिथौरागढ़ मुख्यालय करीब 170 किलोमीटर दूर पड़ता है। इसके बावजूद प्रशासनिक कार्यों के लिए उन्हें पिथौरागढ़ जाना पड़ता है, जिससे समय, पैसा और मेहनत तीनों की बर्बादी होती है।
1997 से जारी है मांग, बढ़ता जा रहा आक्रोश
वर्ष 1997 में बागेश्वर जनपद के गठन के बाद से ही बनकोट, पलतोड़ी, जमतोला, भट्टीगांव, सिरसोली, बटगरी, काकड़पानी, धारी, रूगडी और बासीखेत ग्राम पंचायतों को बागेश्वर में शामिल करने की मांग उठती रही है। पिछले वर्ष ग्रामीणों ने इस मुद्दे पर लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराया था। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
भौगोलिक-सामाजिक रूप से बागेश्वर से जुड़ाव
ग्रामीणों का कहना है कि उनका अधिकांश आवागमन, व्यापार, विवाह और सामाजिक गतिविधियां बागेश्वर क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। पहले ट्रेजरी भी बागेश्वर में थी। उनका तर्क है कि जब अल्मोड़ा जिले की 14 ग्राम पंचायतों को निकटता के आधार पर बागेश्वर में शामिल किया गया, तो बनकोट क्षेत्र के गांवों को क्यों नहीं।
मुख्यमंत्री का आश्वासन भी रहा अधूरा
पिछले वर्ष कांडा महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन 10 ग्राम पंचायतों को बागेश्वर में शामिल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों की नाराजगी बढ़ गई है।
संघर्ष समिति ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वर्तमान में इन 10 ग्राम पंचायतों से जुड़े लगभग 6 हजार लोग वर्षों से बागेश्वर जिले में शामिल होने की मांग कर रहे हैं और अब निर्णायक लड़ाई के मूड में हैं।
