Udayprabhat
uttrakhand

हल्द्वानी में SDM की तैनाती न होने पर कांग्रेस विधायक का धरना, न्यायिक कार्य ठप होने पर जताया विरोध

एसडीएम कोर्ट का संचालन बाधित, विधायक सुमित हृदयेश ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

हल्द्वानी: हल्द्वानी में एसडीएम की तैनाती नहीं होने से न्यायिक कार्य प्रभावित होने पर कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम कोर्ट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
धरना प्रदर्शन में विधायक सुमित हृदयेश के साथ पार्षद रवि जोशी भी मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधि कोर्ट परिसर में जमीन पर बैठकर अपना विरोध दर्ज कराते नजर आए। बताया गया कि पूर्व एसडीएम राहुल शाह के स्थानांतरण के बाद से कोर्ट का नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है, जिससे न्यायिक कार्य लंबे समय से बाधित है।

न्यायिक अधिकारी की स्थायी तैनाती न होने के कारण मामलों की सुनवाई प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर अधिवक्ताओं और आम जनता पर पड़ रहा है। छोटे मामलों में भी लोगों को तारीख पर तारीख मिल रही है, जिससे न्याय मिलने में अनावश्यक देरी हो रही है।

धरने के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि एसडीएम कोर्ट हल्द्वानी क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण न्यायिक इकाई है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने मामलों की सुनवाई के लिए आते हैं। कोर्ट का नियमित संचालन न होना न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि न्यायिक कार्य बाधित न हों और जनता को समय पर न्याय मिले। विधायक ने इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया तथा शीघ्र नए एसडीएम की तैनाती की मांग की।

पार्षद रवि जोशी ने कहा कि न्यायिक कार्य ठप होने से क्षेत्र की जनता में रोष व्याप्त है। लोग अपने जरूरी काम छोड़कर कोर्ट पहुंचते हैं, लेकिन सुनवाई न होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की।

Leave a Comment