Udayprabhat
uttrakhand

ऋषिकेश में अवैध निर्माण पर MDDA का चला बुलडोजर, दो अवैध प्लॉटिंग को किया ध्वस्त

ऋषिकेश: ऋषिकेश में अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने एक बहुमंजिला इमारत को सील करने के साथ ही करीब 11 बीघा भूमि पर की जा रही दो अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पशुलोक निर्मल बाग क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे बहुमंजिला भवन को मौके पर ही सील कर दिया गया। प्राधिकरण अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की जा सके।
इसके अलावा, अलग-अलग स्थानों पर लगभग 5 बीघा और 6 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति सड़कें काटकर और प्लॉट विकसित करना नियमों का उल्लंघन है, जिस पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

MDDA उपाध्यक्ष ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी भूमि या प्लॉट में निवेश करने से पहले प्राधिकरण से उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें।

 

Leave a Comment