Udayprabhat
Breaking Newsखेलदुनियादेश

IND vs NAM: भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया, हार्दिक पांड्या रहे मैच के हीरो

टी20 विश्व कप !
नामीबिया के विरुद्ध 209 रन बना सका भारत
ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने लगाई फिफ्टी
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने चटकाए 4 विकेट

IND vs NAM T20 World Cup: T20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से करारी शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बनाए। 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 116 रन पर ही ढेर हो गई। 

नामीबिया जैसी कमजोर टीम के विरुद्ध जिस तरह से शुरुआत मिली थी, उससे लग रहा था कि भारतीय टीम टी-20 विश्व कप में श्रीलंका के 260 रन के रिकॉर्ड को तोड़ देगी, लेकिन टीम नौ विकेट पर जैसे तैसे 209 रन ही बना पाई। भारत ने टी 20 विश्व कप में चौथी बार 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया। जवाब में नामीबिया टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ढेर हो गई। भारतीय टीम ने 93 रन से इस मुकाबले को जीता। अब 15 फरवरी को कोलंबो में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।

पावरप्ले में बनाया सबसे बड़ा स्कोर

नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने गेंदबाजी चुनी। ईशान और संजू सैमसन (8 गेंद-22 रन) ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन संजू दूसरे ओवर में ही आउट हो गए। इसके ईशान और तिलक वर्मा (25) ने नामीबिया के गेंदबाजों की जो कुटाई शुरू की, उससे स्टेडियम में बैठे दर्शकों रोमांचित हो उठे। ईशान और तिलक ने पावरप्ले में ही 86 रन कूट डाले, जो टी-20 विश्व कप में छह ओवर में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर था।

हार्दिक ने बनाए 52 रन

तिलक (25) और कप्तान सूर्य (13) जल्द आउट हो गए और नामीबिया ने मैच में वापसी की। हालांकि इसके बाद हार्दिक ने मोर्चा संभाला और 24 गेंद में अर्धशतक जड़ते हुए भारत की रन गति को बढ़ाया। उन्होंने शिवम दुबे (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। पांड्या (52) के आउट होते ही भारत का निचला क्रम ढह गया। अंतिम चार ओवर में भारत ने केवल 23 रन जोड़े और पांच विकेट गंवाए। रिंकू सिंह ने 6 गेंदों पर 1 रन बनाया, तो अर्शदीप सिंह ने 2 रनों का योगदान दिया। वरुण चक्रवर्ती 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने चटकाए 4 विकेट

भारत के लोअर ऑर्डर को समेटने में सबसे बड़ी भूमिका नामीबिया के कप्तान इरास्मस की रही, जिन्होंने स्टंप के काफी पीछे से खींचकर गेंदबाजी की और तिलक, ईशान, हार्दिक और अक्षर (०) जैसे बड़े विकेट लेकर भारत को बड़े स्कोर से रोक दिया।

 

ईशान ने 20 गेंदों पर ठोकी फिफ्टी

ईशान किशन ने केवल 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया और 23 गेंद में 61 रन बनाए। यह टी-20 विश्व कप में भारतीय द्वारा संयुक्त चौथा सबसे तेज पचासा है। सातवें ओवर में ही भारत ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया था और जिस तरह से ईशान व तिलक बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लगा कि टूर्नामेंट में सबसे बड़ा स्कोर बन सकता है। लेकिन आठवें ओवर में ईशान आउट हुए और यहीं से भारत की रन गति पर ब्रेक लग गया।

Leave a Comment