देहरादून: उत्तराखण्ड एसटीएफ ने एसएससी मल्टी टास्किंग स्टाफ व हवलदार भर्ती परीक्षा-2025 में आधुनिक तकनीक से नकल कराने वाले हाईटेक गिरोह का पर्दाफाश किया है।
13 फरवरी को को परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर एसटीएफ उत्तराखण्ड ने एसटीएफ उत्तरप्रदेश के साथ संयुक्त छापेमारी की। देहरादून स्थित महादेव डिजिटल जोन, एम.के.पी. इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के यूपीएस रूम के पास अंडरग्राउंड चेंबर से 2 लैपटॉप व राउटर स्वचालित अवस्था में बरामद किए गए, जिन्हें रिमोटली संचालित कर अभ्यर्थियों के प्रश्नपत्र हल कराए जा रहे थे।

मामले में नीतिश कुमार और भास्कर नैथानी को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर प्रति अभ्यर्थी 10 लाख रुपये की मांग करता था और कंप्यूटर को रिमोट एक्सेस कर प्रश्न हल करता था।
दोनों आरोपितों के खिलाफ कोतवाली देहरादून में उत्तराखण्ड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम-2023, बीएनएस की धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी।
बरामदगी में दो डेल कंपनी के लैपटॉप, एक डिजिसोल राउटर, ईथरनेट केबल एवं एडेप्टर, पीएनटी केबल कनेक्टिंग बॉक्स तथा चार मोबाइल फोन शामिल हैं। मामले में फरार अन्य सह-अभियुक्तों की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है और छापेमारी की कार्रवाई जारी है।
