देहरादून: देहरादून में भारतीय किसान यूनियन (फाउंडेशन) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। संगठन के पदाधिकारियों ने 16 फरवरी को एक विस्तृत ज्ञापन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी, देहरादून के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और शहर में बढ़ती अव्यवस्थाओं पर गंभीर चिंता जताई गई है। यूनियन ने उद्यम सिंह नगर के किसान सरदार सुखदेव सिंह से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की अपील की गई है। संगठन का कहना है कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
ज्ञापन में देहरादून शहर में रोजाना हो रही आपराधिक घटनाओं, ट्रैफिक जाम की समस्या और स्कूल बसों की अनियमितता का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों के हित में गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल और गेहूं का 4000 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने की मांग की गई है। आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान और सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए ठोस नीति बनाने की भी अपील की गई।
