देहरादून: उत्तराखंड में बढ़ते अपराध, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने सोमवार को राजधानी देहरादून में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने परेड ग्राउंड में सभा के बाद राजभवन कूच किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।
परेड ग्राउंड में उमड़ा जनसैलाब
राजभवन कूच से पहले परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी। नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार और जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक को लेकर भी सरकार को घेरा गया।
बेरोजगारी और पलायन बना बड़ा मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि राज्य में रोजगार के अवसर सिमटते जा रहे हैं और युवा वर्ग निराश है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहाड़ी क्षेत्रों में स्कूल बंद किए जा रहे हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और पलायन पर रोक लगाने के लिए ठोस नीति का अभाव है।
मनरेगा और महंगाई पर भी निशाना
कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा का नाम बदले जाने के मुद्दे और बढ़ती महंगाई को भी जनविरोधी कदम बताया। उनका कहना था कि भाजपा सरकार जनादेश का सम्मान करने में विफल रही है और प्रदेश में ‘जंगलराज’ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राजभवन की ओर कूच किया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
