Udayprabhat
uttrakhand

नई टिहरी में बम की ई-मेल से मचा हड़कंप, पुलिस और LIU की टीम अलर्ट, खंगाला पूरा जिला न्यायालय

नई टिहरी: पहाड़ के शांत शहर में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर बम रखे जाने की सूचना मिली। मेल मिलते ही न्यायालय प्रशासन हरकत में आया और पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते पुलिस, एलआईयू और खुफिया तंत्र की टीमें कोर्ट परिसर में पहुंच गईं और पूरे भवन को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

करीब दो घंटे चली जांच के दौरान न्यायालय के हर कक्ष, रिकॉर्ड रूम और आसपास के परिसर को बारीकी से खंगाला गया, लेकिन प्राथमिक जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद न्यायविदों और वकीलों ने राहत की सांस ली। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां अभी भी सतर्क हैं और ई-मेल की जांच साइबर स्तर पर की जा रही है।

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि धमकी भरी मेल के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराया गया था। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन निगरानी बढ़ा दी गई है।

उत्तरकाशी जिला न्यायालय में भी मिली थी बम की सूचना

इससे पहले उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भी बम और आरडीएक्स रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कोर्ट परिसर को खाली कराकर बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियों के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया। जांच में वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर साइबर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, धमकी भरे मेल में कोर्ट परिसर में बड़ी मात्रा में विस्फोटक होने का दावा किया गया था। एहतियातन आसपास के क्षेत्रों में यातायात भी कुछ समय के लिए रोका गया।

लगातार तीन जिलों में न्यायालयों को मिली ई-मेल धमकियों के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। साइबर सेल की टीमें मेल के स्रोत और आईपी एड्रेस की पड़ताल में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि अफवाह फैलाने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment