Udayprabhat
uttrakhand

ढाई करोड़ का लालच देकर लॉटरी के नाम पर ठगे 24 लाख रुपए, फर्जी आरबीआई अधिकारी आरोपी बिहार से गिरफ्तार

साइबर ठग ने टिहरी निवासी व्यक्ति को आरबीआई और इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर ठग लिया था।

देहरादून: टिहरी जिले के हिंडोलाखाल क्षेत्र में ढाई करोड़ रुपये की लॉटरी का लालच देकर 24 लाख रुपये ठगने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सीबीसीआईडी सेक्टर देहरादून की टीम ने मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, हिंडोलाखाल निवासी सोहनलाल रतूड़ी ने 7 जुलाई 2021 को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को आरबीआई और आयकर विभाग का अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने दावा किया कि उनके नाम ढाई करोड़ रुपये की लॉटरी निकली है, जिसे जारी कराने के लिए विभिन्न टैक्स और प्रोसेसिंग शुल्क जमा कराने होंगे। झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग खातों में कुल 24 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

मामले में थाना हिंडोलाखाल, जनपद टिहरी गढ़वाल में मुकदमा दर्ज कर विवेचना सीबीसीआईडी को सौंपी गई। जांच अधिकारी भारत सिंह ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की पड़ताल की। 11 फरवरी 2026 को टीम को बिहार और पश्चिम बंगाल में दबिश के लिए रवाना किया गया।

जांच के दौरान 13 फरवरी को पश्चिमी चंपारण (बिहार) से अभय कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में उसके खाते में ठगी से जुड़े 4 लाख 10 हजार रुपये के लेनदेन की पुष्टि हुई। 16 फरवरी को आरोपी को टिहरी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।

इस मामले में उसके तीन अन्य साथी गुंजन कुमार, नितेश कुमार झा और धनंजय यादव—को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है और लोगों से अपील की है कि लॉटरी या इनाम के नाम पर मांगे गए किसी भी शुल्क के झांसे में न आएं।

Leave a Comment