देहरादून: सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से राजधानी देहरादून में मंगलवार को विशेष मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के समीप आयोजित ‘रोड सेफ्टी एंड ग्रीन अर्थ मैराथन’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5 किलोमीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को यातायात नियमों के पालन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

मैराथन को फ्लैग ऑफ करने से पूर्व मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, ड्रिंक एंड ड्राइव से बचने, ओवर स्पीडिंग न करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। परिवहन विभाग के अनुसार अधिकांश हादसे तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होते हैं। सरकार लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, ताकि लोगों में जिम्मेदार ड्राइविंग की आदत विकसित हो सके।
उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन को भी बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के बिना सतत विकास संभव नहीं है। सरकार हरित पहल, वृक्षारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा और स्वच्छ पर्यावरण के संदेश के साथ जागरूकता रैली भी निकाली।
