Udayprabhat
uttrakhand

हफ्तेभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद मिला IIT रुड़की के छात्र का शव, परिजनों में मचा कोहराम

रुड़की: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (IIT रुड़की) के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला का शव मंगलवार सुबह मोहम्मदपुर झाल क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। करीब एक सप्ताह तक चले व्यापक सर्च ऑपरेशन के बाद छात्र का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है। संस्थान परिसर और क्षेत्र में शोक की लहर है।

आशीष शुक्ला, निवासी बनारस (उत्तर प्रदेश), 11 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए गंगनहर किनारे आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह नगर निगम स्थित वाल्मीकि घाट पर बैठे थे, तभी अचानक पैर फिसलने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगनहर के तेज बहाव में जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज प्रवाह के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, आर्मी और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंचीं। छात्र की तलाश में गंगनहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान नहर का पानी भी बंद कराया गया, लेकिन प्रारंभिक प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिली।

16 फरवरी को दोबारा नहर का पानी रोका गया और बंगाल इंजीनियर ग्रुप के जवानों, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, आपदा प्रबंधन और जल पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान तेज किया। करीब 100 सदस्यीय दल और 20 पेशेवर गोताखोरों की विशेष टीम ने गंगनहर के विभिन्न संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। कई जगहों पर जाल भी डाले गए।

मंगलवार सुबह मोहम्मदपुर झाल क्षेत्र में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और शव को बाहर निकाला गया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

छात्र के शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में मातम छा गया। IIT रुड़की के छात्र-छात्राओं में भी शोक व्याप्त है। संस्थान प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Leave a Comment