Udayprabhat
uttrakhand

मसूरी के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में दो दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य व करियर काउंसलिंग कार्यक्रम सम्पन्न

मसूरी: सांख्य योग फाउंडेशन द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एलबीएसएनएए, मसूरी में 21 एवं 23 फरवरी को कक्षा VIII, IX एवं XI के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बढ़ते शैक्षणिक दबाव, भावनात्मक तनाव, समय प्रबंधन की चुनौतियों, मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले ध्यान भंग (डिस्ट्रैक्शन) तथा करियर संबंधी जिज्ञासाओं को समझते हुए उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करना रहा।
कक्षा IX एवं XI के विद्यार्थियों के लिए करियर असेसमेंट टेस्ट आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से उनकी रुचियों एवं क्षमताओं का मूल्यांकन किया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सत्र एवं प्रशिक्षित काउंसलरों द्वारा वन-टू-वन काउंसलिंग भी की गई, जिससे विद्यार्थियों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

वहीं कक्षा VIII के विद्यार्थियों के लिए आयु-अनुकूल मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में भावनात्मक संतुलन, आत्म-प्रबंधन, स्वस्थ अध्ययन आदतों तथा डिजिटल अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। काउंसलिंग सत्रों में फाउंडेशन की ओर से डॉ. मुकुल शर्मा एवं गीता चौधरी की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय प्रशासन की ओर से प्रधानाचार्य (प्रभारी) रजनी पंत, काउंसलिंग कोऑर्डिनेटर वीना कठूरिया सहित अन्य शिक्षकों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।

Leave a Comment