कोटद्वार: जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार द्वारा कांग्रेस कार्यालय, जन सेवा केंद्र में उत्तराखंड के प्रख्यात समाज सुधारक, शिक्षाविद् एवं “पर्वतीय अंबेडकर” के नाम से विख्यात मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने टम्टा जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मुंशी टम्टा ने शिल्पकार समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक समानता और राजनीतिक अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन सामाजिक न्याय और आत्मसम्मान का प्रतीक है।
जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के जिला अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि टम्टा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी शिक्षा और समानता की अलख जगाई।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि टम्टा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उन्हें व्यवहार में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सामाजिक न्याय, समान अवसर और शिक्षा के अधिकार को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय, शिक्षा के अधिकार, समान अवसर एवं दलित चेतना जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अंत में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शिक्षा, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
