Udayprabhat
uttrakhand

नैनीताल: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 147 करोड़ की 40 योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

हल्द्वानी: पुष्कर सिंह धामी ने आज सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में ₹147 करोड़ 28 लाख 56 हजार की लागत से 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹72 करोड़ 38 लाख की 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹74 करोड़ 90 लाख 56 हजार की 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जनपद विकास की नई रफ्तार से आगे बढ़ेगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार “विकसित उत्तराखण्ड” के संकल्प को साकार करने के लिए तीव्र गति से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल-विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान के मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा और बैलपडाव में नलकूप निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।

इसके साथ ही महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण, लालकुआं में नलकूपों पर स्टैबलाइज़र स्थापना, तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 14 पेयजल योजनाओं का शुभारंभ किया गया। पशु चिकित्सालय रामगढ़ में भवन निर्माण कार्य का भी लोकार्पण हुआ।

शिलान्यास की गई योजनाओं में कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी मार्ग, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली मार्ग सुधारीकरण, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर तक सड़क मरम्मत, हिम्मतपुर-बैजनाथ पीसी कार्य, वृन्दावन विहार एवं चांदनी चौक पीसी निर्माण सहित कई सड़क और पेयजल परियोजनाएं शामिल हैं।

154 करोड़ की पेयजल योजना का भूमि पूजन

मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत सहायता (एसपीए) कार्यक्रम के तहत स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (₹15443 लाख) का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति और सुदृढ़ होगी।

Leave a Comment