Udayprabhat
uttrakhand

सीएम धामी ने खटीमा में किया ओपन जिम का लोकार्पण, क्रिकेट मैदान में भी दिखाया दम

खटीमा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा दौरे के दौरान लोहियाहेड क्षेत्र में स्थापित ओपन जिम का लोकार्पण किया। यह ओपन जिम टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सहयोग से गांधी फुटबॉल मैदान में स्थापित किया गया है।
लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं जिम उपकरणों का ट्रायल किया और युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मैदान में क्रिकेट खेलकर भी सबका ध्यान आकर्षित किया।

खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने लोहियाहेड खेल मैदान में एक निजी नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम धामी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी उतने ही आवश्यक हैं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं।

 मैदान में उतरे सीएम, युवाओं का बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्रिकेट में भी हाथ आजमाए। उनके साथ छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान में सीएम का सहज और खेलभावना से भरा अंदाज युवाओं के लिए प्रेरणादायक रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों से देशभर में खेलों को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है और इस वर्ष 10 हजार और भर्तियां की जाएंगी। युवाओं से उन्होंने लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

फिटनेस और युवा सशक्तिकरण की दिशा में कदम

खटीमा में ओपन जिम का लोकार्पण क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। यह पहल न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि खेल संस्कृति को भी मजबूत करेगी।

Leave a Comment