देहरादू: थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत मालदेवता रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार डंपर ने एक 17 वर्षीय किशोर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार मालदेवता के शेरकी गांव निवासी शिवांशु रविवार रात अपने घर के पास पैदल जा रहा था। इसी दौरान मालदेवता की ओर आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित कुछ दूरी तक भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मालदेवता रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध खनन और भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय है। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।
सूचना मिलने पर थाना रायपुर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद देर रात जाम खुल सका।
सीओ रायपुर रीना राठौड़ ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मालदेवता क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाई जाए और भारी वाहनों की आवाजाही व गति पर सख्त नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
