Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

देहरादून: नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में रुद्रप्रयाग के अपर बाजार निवासी सलमान आसिफ ने बताया कि उनकी बहन कैहकशा आलम का विवाह 19 नवंबर 2025 को नेहरू कॉलोनी के रिस्पना नगर निवासी शहवाज आलम के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, तीन और चार मार्च की रात कैहकशा को गंभीर हालत में ससुराल पक्ष द्वारा इंद्रेश अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई का कहना है कि पति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर उनकी बहन की हत्या की है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई और शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment