देहरादून: राजधानी देहरादून में हर साल आयोजित होने वाला प्रसिद्ध झंडा मेला इस बार 8 मार्च से शुरू होगा। श्री दरबार साहिब में होने वाले श्री झंडा जी के आरोहण के साथ मेले का शुभारंभ होगा, जो 27 मार्च तक चलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
परंपरा के अनुसार, श्री झंडा जी का आरोहण हर वर्ष होली की पंचमी तिथि को किया जाता है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच पुराने झंडे को उतारा जाएगा। इसके बाद धार्मिक विधि-विधान के साथ झंडे को स्नान कराया जाएगा और सादा व शनील गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दौरान श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज श्रद्धालुओं और सेवकों को आशीर्वाद भी देंगे। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच मुख्य धार्मिक अनुष्ठान के तहत श्री झंडा जी का आरोहण किया जाएगा, जिसमें दर्शनी गिलाफ चढ़ाने की परंपरा सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है।
झंडा मेले में भारी भीड़ को देखते हुए देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत बिंदाल से तिलक रोड और तालाब क्षेत्र की ओर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सहारनपुर चौक से दरबार साहिब की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
इसी तरह पीपल मंडी चौक से हनुमान चौक और सहारनपुर चौक की ओर जाने वाले वाहनों को दर्शनी गेट के रास्ते से डायवर्ट किया जाएगा। कांवली रोड से गुरु राम राय स्कूल की तरफ से आने वाले वाहनों को भी तालाब और दरबार साहिब की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं बैण्ड बाजार से दरबार साहिब की तरफ जाने वाले वाहनों को तिलक रोड और मच्छी बाजार की ओर मोड़ दिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार 8 मार्च को झंडा आरोहण के दिन झंडा बाजार की ओर जाने वाले सभी प्रमुख चौराहों और तिराहों पर बैरियर लगाए जाएंगे। सहारनपुर चौक, गऊ घाट तिराहा, दर्शनी गेट, पीपल मंडी चौक, तालाब क्षेत्र और भंडारी चौक से दरबार साहिब की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो निरंजनपुर मंडी और बल्लीवाला चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं लालपुल से आने वाले वाहनों को निरंजनपुर मंडी की ओर भेजा जाएगा।
एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और जहां तक संभव हो, दोपहिया वाहनों का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी .
