क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के कृष्णा विहार की घटना, गले और हाथ में चाकू लगने से घायल, दून अस्पताल में सर्जरी
देहरादून : राजधानी में एक युवक और युवती के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। गुस्से में आकर दोनों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना देहरादून के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र स्थित कृष्णा विहार की बताई जा रही है, जहां किसी बात को लेकर युवक और युवती के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई और इसी दौरान दोनों ने धारदार हथियार से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

हमले में युवक के गले में और युवती के हाथ में चाकू लग गया, जिससे दोनों लहूलुहान हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को उपचार के लिए दून अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की सर्जरी की जा रही है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर मोहन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि झगड़े के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
