Udayprabhat
uttrakhand

प्रदेश में खेलों को मिलेगा बढ़ावा, पर्वतीय क्षेत्रों में बनेंगे 17 नए मिनी स्टेडियम

टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, पौड़ी सहित विभिन्न जिलों के लिए हैं प्रस्तावित

भराड़ीसैंण। प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में 17 नए मिनी स्टेडियम बनेंगे। युवा कल्याण विभाग के तहत टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, पौड़ी सहित विभिन्न जिलों के लिए हैं 11 स्टेडियम प्रस्तावित हैं। वहीं, छह निर्माणाधीन हैं।

युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक टिहरी के नैलचामी, घरगांव डांडा, पिथौरागढ़ के ग्यालदेवी, उत्तरकाशी के ग्राम पंचायत भंकोली के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पौड़ी जिले के एकेश्वर ब्लॉक मुख्यालय और दुगड्डा में मिनी स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा नैनीताल जिले के भीमताल, चंपावत के बनबसा, बागेश्वर के देवतोली और अल्मोड़ा जिले के छौलछीना में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। खेल मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक वर्तमान में राज्य में खेल विभाग के 30 और युवा कल्याण विभाग के 102 मिनी स्टेडियम हैं।

राज्य के स्कूलों में भी किया जा रहा है खेल मैदान का निर्माण

भराड़ीसैंण। खेल मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक राज्य के युवाओं की खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने एवं खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसके लिए भूमि उपलब्धता, स्थल चयन समिति की सिफारिश एवं वित्तीय संसाधनों के आधार पर निर्माण किया जा रहा है। विभिन्न स्कूलों में 30 खेल मैदान बनाए गए हैं।

मिनी स्टेडियम का यहां किया जा रहा निर्माण

देहरादून। प्रदेश में छह स्थानों पर मिनी स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें अल्मोड़ा में धुनीगैत रैत, चमोली में गौचर, नैनीताल में कानिया, पौड़ी में ग्राम उटिण्डा, पिथौरागढ़ के डीडीहाट और टिहरी का पडिया शामिल है।

रानीपोखरी में मिनी स्टेडियम का होगा पुनर्निर्माण

भराडीसैंण। देहरादून जिले के रानीपोखरी में हाट बाजार के पीछे आपदा से क्षतिग्रस्त मिनी स्टेडियम का पुनर्निर्माण किया जाएगा। खेल मंत्री रेखा आर्या क मुताबिक आपदा प्रबंधन विभाग को धनराशि आवंटित करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

Leave a Comment