मसूरी: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. उनकी शादी 14 मार्च को उत्तराखंड की खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में एक भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में आयोजित की जाएगी.
शादी समारोह मसूरी के ऐतिहासिक द वेलकम सवाय होटल में होगा, जहां 13 और 14 मार्च के लिए होटल के सभी कमरे बुक कर दिए गए हैं. इस हाई-प्रोफाइल वेडिंग के चलते मसूरी एक बार फिर वीआईपी डेस्टिनेशन के रूप में चर्चा में है.
सूत्रों के मुताबिक मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था जेडब्ल्यू मैरियट और मसूरी वॉलनट ग्रोव रिसॉर्ट सहित कई लग्जरी होटलों में की गई है. शादी के बाद 15 मार्च को मेहमानों के वापस लौटने की संभावना है.
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हो सकती हैं. इनमें आईसीसी चेयरमैन जय शाह, भारतीय टी-20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव समेत टीम इंडिया के कई खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं.

दरअसल कुलदीप यादव की होने वाली पत्नी वंशिका कानपुर की रहने वाली हैं और दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं. लंबे समय की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और हाल ही में परिवार की मौजूदगी में दोनों ने सगाई कर अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दिया.
शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट, राजनीति और फिल्म जगत की कई नामी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है.
पिछले कुछ वर्षों में मसूरी वीआईपी और सेलिब्रिटी शादियों के लिए एक लोकप्रिय डेस्टिनेशन बनकर उभरा है. प्राकृतिक सुंदरता, ठंडा मौसम और लग्जरी होटलों की मौजूदगी के कारण देशभर के बड़े आयोजन यहां आयोजित किए जा रहे हैं. कुलदीप यादव की शादी भी इसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है.
