Udayprabhat
uttrakhand

पंतनगर किसान मेले में पहुंचे सीएम धामी, किसानों से संवाद कर बताईं सरकार की योजनाएं

रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आयोजित 119वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। तीन दिवसीय इस मेले में देशभर से किसान, वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों व कृषि वैज्ञानिकों से नई तकनीकों, उन्नत बीजों और आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेले में 350 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां किसानों को कृषि से जुड़ी नई तकनीकों, उन्नत बीजों और आधुनिक उपकरणों की जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन किसानों को आधुनिक खेती के तरीके सीखने और वैज्ञानिकों से सीधे जुड़ने का अवसर देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में जारी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त से उत्तराखंड के लाखों किसानों को लाभ मिला है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी देने और बागवानी को बढ़ावा देने जैसे कदम उठाए गए हैं। ड्रैगन फ्रूट सहित कई नई फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में फल उत्पादन में वृद्धि हुई है, जबकि मशरूम और शहद उत्पादन के क्षेत्र में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने और नई संभावनाओं की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया और उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हित में योजनाएं और सुविधाएं लगातार बढ़ाती रहेगी।

Leave a Comment