Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून: अपराध गोष्ठी में एसएसपी का कड़ा संदेश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

देहरादून: कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मासिक अपराध गोष्ठी में सख्त रुख अपनाया। पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि कर्तव्यों में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान मुकदमा दर्ज करने में लापरवाही पाए जाने पर एक पूर्व थानाध्यक्ष को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। वहीं एक वर्ष से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं पर गंभीर नाराजगी जताते हुए संबंधित विवेचकों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए।

एसएसपी ने ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही नशे की रोकथाम में ढिलाई पर भी नाराजगी जताई गई और सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नशे की खरीद-फरोख्त पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अवैध कब्जों के मामलों में भी सख्ती दिखाते हुए निर्देश दिए गए कि ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि किसी मामले में पुलिस की मिलीभगत पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होगी। इसके अलावा महिला एवं बाल सुरक्षा, सत्यापन अभियान, यातायात व्यवस्था और आगामी त्यौहारों को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसएसपी ने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहकर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।

Leave a Comment