Udayprabhat
uttrakhand

साइबर अपराध, भ्रष्टाचार और नशे के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान

देहरादून के सेंट जोसेफ अकादमी में 1200 से अधिक छात्रों ने लिया भाग

देहरादून: उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा युवाओं को साइबर अपराध, भ्रष्टाचार और नशे जैसी सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देहरादून स्थित St. Joseph’s Academy में एक वृहद जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देहरादून के विभिन्न निजी एवं सरकारी विद्यालयों के कक्षा 9 से 11 तक के 1200 से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा : ADG डॉ. वी. मुरूगेशन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था तथा निदेशक सतर्कता, उत्तराखण्ड ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने युवाओं से तकनीक का उपयोग जिम्मेदारी और सावधानी के साथ करने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े साइबर अपराध का कारण बन सकती है।

छात्रों को बताए गए साइबर अपराध के नए तरीके

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अंकुश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखण्ड ने छात्रों को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

हेल्पलाइन नंबर किए साझा

छात्रों को जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए गए—
• 1930 – राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन
• 1064 – भ्रष्टाचार निरोधक हेल्पलाइन

नशे से दूर रहने का दिया संदेश

Anti Narcotics Task Force (ANTF) की उपनिरीक्षक प्रेरणा चौधरी ने नशा उन्मूलन सत्र का संचालन किया। उन्होंने छात्रों को मादक पदार्थों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए आत्म-अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया और नशा उन्मूलन से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

प्रतिभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने उत्तराखण्ड पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में छात्रों को साइबर अपराध और नशे जैसी चुनौतियों से बचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।

राज्यभर में जारी रहेगा अभियान

उत्तराखण्ड पुलिस ने कहा कि युवाओं को सामाजिक और डिजिटल खतरों से सुरक्षित रखने के लिए भविष्य में भी राज्यभर के शिक्षण संस्थानों में इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

Leave a Comment