Udayprabhat
uttrakhand

महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया वार्षिकोत्सव, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

उत्तरकाशी: राजेन्द्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय टटाउ, बड़कोट में वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह में मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 17 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। डॉ. संगीता रावत द्वारा स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह रावत की स्मृति में खुशबू डिमरी एवं कंचन बाला को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। अंजली रावत, आरती रावत, काजल एवं ऋतेश कुमार सहित कई विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों ने देशभक्ति, लोकसंस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। साइबर अपराध जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। लोकगायक राज सावन ने लोकगीतों से कार्यक्रम में रंग जमाया।

मुख्य अतिथि संजय डोभाल ने महाविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए पुस्तकालय एवं अन्य सुविधाओं के विकास हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Comment