देहरादून: पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में उत्तराखण्ड पुलिस के पांच अधिकारियों की एक टीम राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित एकता परेड में शामिल होने के लिए केवड़िया (गुजरात) पहुंची है।
यह टीम बड़े राष्ट्रीय आयोजनों के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और वीवीआईपी सुरक्षा की कार्यप्रणाली का अध्ययन एवं अवलोकन करेगी। पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, अध्ययन दल में पुलिस उपाधीक्षक अभिनय चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक नताशा सिंह, निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल, उपनिरीक्षक बरखा कन्याल और उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट शामिल हैं। गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में केवड़िया में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना के तहत भव्य एकता परेड का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर से पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों के करीब 4200 जवान भाग ले रहे हैं।
डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजन पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा प्रबंधन की बारीकियों को सीखने और अन्य राज्यों की पुलिस के साथ तालमेल व कार्यकुशलता बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।उन्होंने कहा कि इस अध्ययन दौरे से प्राप्त अनुभवों को उत्तराखण्ड में होने वाले आयोजनों में सर्वोत्तम प्रथाओं के रूप में अपनाया जाएगा।
