Udayprabhat
uttrakhand

आईआईटी रुड़की का दीक्षांत समारोह, NSA डोभाल और CDS जनरल सुब्रमणि ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह

रुड़की: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में वार्षिक दीक्षांत समारोह 2026 का आगाज विशेष गरिमामयी माहौल में हुआ। दो दिवसीय समारोह के पहले दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत कुमार डोभाल और वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। इस अवसर पर संस्थान के कुल 2,701 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं।

दीक्षांत समारोह के दौरान डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे NSA अजीत डोभाल ने आईआईटी रुड़की की ऐतिहासिक विरासत और देश-विदेश में संस्थान के योगदान की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी और वैज्ञानिक क्षमता का इस्तेमाल देश के विकास, सुरक्षा तथा समाज के हित में करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने तकनीकी शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं की जिम्मेदारियों और देश की प्रगति में उनकी संभावित भूमिका पर जोर दिया।

समारोह के पहले दिन मुख्य रूप से स्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने संस्थान की उपलब्धियों, शोध कार्यों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुए सहयोग की जानकारी साझा की। उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर और पीएचडी शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस कार्यक्रम में हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समारोह में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक राम चंद्र शेट समेत आईआईटी रुड़की के अधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment