Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में पत्नी की गोली मारकर हत्या, पुलिस को फोन कर पति फरार

देहरादून: क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया। महिला का शव एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से बरामद हुआ। घटना के बाद मृतका के पति ने कथित तौर पर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पत्नी की हत्या करने की बात कही और इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ मिला। कॉल की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में तलाश शुरू की।

स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची, जहां 26 वर्षीय काजल मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत गोली लगने से हुई है। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस ने बताया कि काजल अपने पति धीरज के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रहती थी। मृतका के भाई अभिषेक का घर भी पास में है। भाई ने पुलिस को बताया कि दंपती के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।

मृतका मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के मेघा शकरपुर गांव की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

Leave a Comment