Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून: घर मे चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का दून पुलिस ने किया भंडाफोड़

एसएसपी दून को मिली गोपनीय सूचना पर पुलिस टीम ने बिदांल क्षेत्र में की आकस्मिक छापेमारी

देहरादून: शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बिंदाल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक मामले का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्राधिकारी मसूरी के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने गांधी नगर स्थित एक मकान पर देर रात छापा मारा, जहां आपत्तिजनक स्थिति में कुछ लोग पाए गए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला आरोपी अपने घर से देह व्यापार का संचालन कर रही थी। जांच में सामने आया कि वह अपने सहयोगी के साथ मिलकर बाहरी राज्यों से महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर देहरादून बुलाती थी और बाद में उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें इस अवैध धंधे में धकेल देती थी।

आरोपियों द्वारा ग्राहकों से संपर्क के लिए मोबाइल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाता था। व्हाट्सऐप के माध्यम से महिलाओं की तस्वीरें भेजकर सौदे तय किए जाते थे, जिसके बाद तय स्थान पर उन्हें भेजा जाता था। इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपी महिलाओं को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं को आवश्यक सहायता और परामर्श प्रदान किया जा रहा है। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।

Leave a Comment