उत्तरकाशी: विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर यूथ रेड क्रॉस इकाई, राजेन्द्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट द्वारा ग्राम बड़कोट में साइबर ठगी के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम रामलीला मैदान बड़कोट में आयोजित हुआ, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को सतर्क और जागरूक करना था। छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि किस प्रकार लोग ओटीपी, क्यूआर कोड, फर्जी फोन कॉल, बैंक डिटेल और ऑनलाइन लिंक के जरिए साइबर ठगी का शिकार बन जाते हैं। साथ ही इनसे बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
शिक्षकों के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
यह कार्यक्रम यूथ रेड क्रॉस इकाई के संयोजक आशीष नौटियाल, सह-संयोजक डॉ. पूजा चौहान तथा इकाई सदस्य डॉ. लीलावती नित्वाल और डॉ. श्रीकांत चौधरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
16 विद्यार्थियों ने निभाई सक्रिय भूमिका
नुक्कड़ नाटक में महाविद्यालय के 16 विद्यार्थियों — ज्योति, रज़िया, नवीन, रितिका, दिया, तनिषा, हरिओम, आरती, अमिता, ऋषभ, सचिन, सुजल, राखी, नेहा एवं समीर ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।
ग्रामीणों को मिला जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक प्रभावशाली रहा और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देने में सफल रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनहित के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक जागरूकता की दृष्टि से अत्यंत सफल एवं सार्थक सिद्ध हुआ।
