Udayprabhat
uttrakhand

मौसम अलर्ट के बीच चारधाम यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

चमोली: मौसम विभाग द्वारा 12 और 13 मई को उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालु यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताज़ा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से 12 और 13 मई के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए कहा कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगा।

उन्होंने यात्रियों से प्रशासन एवं स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सके।

गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग और सतर्कता से चारधाम यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

Leave a Comment