Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में बेखौफ बदमाशों का आतंक, स्कूटी सवार बैंककर्मी पर चलाई गोली, बाल बाल बची जान

देहरादून: देहरादून में एक बार फिर बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार हमलावरों ने स्कूटी से जा रहे एक युवक को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, बड़ोवाला के पास ग्रास फार्म, शिमला बाईपास रोड पर यह वारदात हुई। घायल युवक उज्जीवन बैंक में कार्यरत बताया जा रहा है। घटना के वक्त वह अपनी कजिन के साथ स्कूटी पर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने अचानक उस पर गोली चला दी।

फायरिंग में गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई। घायल अवस्था में उसे स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस घायल युवक से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल शुरुआती जांच में फायरिंग की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

सीओ सदर अंकित कंडारी के मुताबिक, पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

चाकू से हमले के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

वहीं, देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के वाणी विहार में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का पहले युवक के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने उस पर हमला कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Leave a Comment