Udayprabhat
accidentuttrakhand

चंपावत में दर्दनाक सड़क हादसा, बारात का वाहन गिरा खाई में, मां बेटे समेत 5 की मौत, 5 लोग घायल

चंपावत: लोहाघाट घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाघधार के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात से लौट रही बोलेरो खाई में गिर गई। हादसे में मां–बेटे समेत पाँच लोगों की मौत हो गई, जबकि पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना चालक के नशे में होने के कारण हुई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा समा गया।

पुलिस के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट निवासी बबलू की बारात चंपावत जिले के बालातड़ी गांव आई हुई थी। विवाह समारोह संपन्न होने के बाद देर रात बाराती वापस लौट रहे थे कि रात लगभग ढाई बजे बोलेरो वाहन (UK 04 TB 2074) बाघधार के पास खाई में गिर गया। हादसा इतना तेज था कि वाहन में सवार पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बारात का वाहन खाई में गिरने से 5 लोगों की मौत: चंपावत जिले के लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग में बागधारा के पास बारात का वाहन खाई में गिरा. थानाध्यक्ष लोहाघाट अशोक कुमार ने बताया कि-

गुरुवार को पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट निवासी बबलू की बारात चंपावत जिले के बालातड़ी गांव आई हुई थी. बारात दुल्हन लेकर वापस लौट रही थी. वापसी में देर रात लोहाघाट घाट राष्ट्रीय राजमार्ग में बाघधार के पास बारात के काफिले का एक वाहन बोलेरो वाहन यूके 04 tb 2074 200 फीट गहरी खाई में गिर गया. इसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है. घायलों को खाई से निकालकर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय भेजा गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है.
– अशोक कुमार, थानाध्यक्ष, लोहाघाट –

 एसओ लोहाघाट ने बताया कि घटना रात 2:30 बजे के लगभग की है. लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी व उपचार कर रहे डॉक्टर अजीम ने बताया कि 5 घायलों को अस्पताल लाया गया था. उनमें से एक की गंभीर हालत को देखकर जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर कर दिया गया है. घायलों का उपचार चल रहा है.

रेस्क्यू टीम ने सुबह के समय सभी मृतकों के शवों को खाई से निकाल लिया है. दुर्घटना में भावना चौबे और उनके बेटे प्रियांशु सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत होने से विवाह की खुशियां शोक में बदल गई हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम दृष्टया वाहन चालक के नशे में होने की वजह से ये सड़क हादसा सामने आया है. फिलहाल पुलिस द्वारा सभी शवों का पोस्टमार्टम आज कराया जायेगा. वहीं पुलिस सड़क दुर्घटना की जांच में भी जुट गई है.

लोहाघाट सड़क दुर्घटना में घायलों के नाम:

धीरज पुत्र प्रकाश चंद्र निवासी रुद्रपुर
राजेश (14) पुत्र उमेश चंद्र जोशी लाखतोली
चेतन चौबे 5 वर्ष पुत्र सुरेश चौबे निवासी दिल्ली
भास्कर पांडा किलोटा, वाहन चालक
देवदत्त (38) पुत्र रामदत्त निवासी सल्ला भाटकोट शेराघाट
गंभीर रूप से घायल भास्कर पंडा को चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है.

 

हादसे में मृतकों के नाम:

भावना चौबे
भावना का बेटा प्रियांशु (6 वर्ष)
प्रकाश चंद्र उनियाल (40) बिलासपुर
केवल चंद्र उनियाल (35) बिलासपुर
सुरेश नौटियाल (32) पंतनगर (उधम सिंह नगर)

इस भीषण सड़क हादसे में सुरेश चौबे ने अपनी पत्नी व बेटे को खो दिया है. एक बेटा चेतन घायल हो गया है. सुरेश दिल्ली से परिवार सहित बारात में शामिल होने आए हुए थे. वहीं मासूम चेतन के सिर से मां का साया व भाई का साथ छूट गया है. अस्पताल में वह बार बार अपनी मां को पुकार रहा है.

रेस्क्यू अभियान में होटल स्वामी मदन सामंत व शिक्षक मनोज पंत ने सहयोग किया. इस भीषण सड़क हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई गई है. जनप्रतिनिधियों व लोगों ने हादसे पर दुख जताया है.

Leave a Comment