धराली आपदा क्षेत्र में पहुंचा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, पीड़ितों से मिली जानकारी
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में गुरुवार को धराली आपदाग्रस्त क्षेत्र पहुंचा। निरीक्षण से पहले कांग्रेस नेताओं ने आपदा में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
इंटरनेट बंद करने पर सरकार को घेरा
गणेश गोदियाल ने धराली पहुंचने के बाद जारी एक वीडियो में आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के आगमन से ठीक पहले क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने से पूर्व इंटरनेट सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन जैसे ही उनके दौरे की जानकारी प्रशासन को मिली, सेवाएं बाधित कर दी गईं।

पीड़ितों से मिलकर जानी जमीनी स्थिति
कांग्रेस नेताओं ने धराली में प्रभावित लोगों से मिलकर आपदा के वास्तविक हालात समझे। गोदियाल ने कहा कि सरकार जहां मलबे में दबे लोगों के शव तक नहीं निकाल पा रही है, वहीं दावा कर रही है कि वह क्षेत्र को पूर्व स्थिति में जल्द वापस लाएगी—जो कि असंभव प्रतीत होता है।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को मुआवज़ा न देने पर आपत्ति
गणेश गोदियाल ने बताया कि सरकार का यह कहना कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को क्षतिपूर्ति नहीं दी जाएगी, अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ये वही प्रतिष्ठान हैं जिनके माध्यम से राज्य को टैक्स और देश की जीडीपी में योगदान मिलता है। ऐसे में आपदा की घड़ी में सरकार का दायित्व बनता है कि वह उनकी सहायता करे।
उन्होंने केदारनाथ आपदा का उदाहरण देते हुए बताया कि तब की कांग्रेस सरकार ने प्रभावित होटल, ढाबा और प्रतिष्ठान संचालकों को स्व–आकलन आधारित मुआवजा दिलाया था। धराली आपदा भी उसी श्रेणी में आती है, इसलिए यहां भी उसी प्रक्रिया से प्रभावितों को राहत दी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री राहत कोष पर उठाए सवाल
गोदियाल ने आरोप लगाए कि सरकार मुख्यमंत्री राहत कोष का उपयोग राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रही है, जबकि धराली के व्यवसायियों के लिए इस कोष से अब तक एक भी रुपए की सहायता नहीं दी गई। उन्होंने मांग रखी कि प्रभावितों को तत्काल मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद प्रदान की जाए।
कांग्रेस ने ली शपथ, धराली को फिर से हराभरा बनाने का संकल्प
धराली में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक प्रतिज्ञा ली। प्रतिज्ञा में कहा गया कि या तो वर्तमान सरकार धराली को पूर्व की भांति हरा-भरा बनाए, या फिर कांग्रेस सरकार सत्ता में आने पर इस क्षेत्र का पुनर्विकास प्राथमिकता से करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि मुखवा गांव से प्रधानमंत्री द्वारा घोषित घाम तापो योजना यहां के लोगों के लिए अभिशाप बन चुकी है और कांग्रेस इसे लेकर जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी।
