Udayprabhat
Breaking Newsखेल

SRH vs RR: हैदराबाद ने राजस्थान को 57 रनों से हराया, डेब्यूटेंट गेंदबाजों का छाया जलवा

  • प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने लिया 4-4 विकेट
  • पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर हिंगे ने रचा इतिहास
  • ईशान किशन की 91 रन की तूफानी पारी बनी जीत की नींव

IPL 2026 SRH vs RR: सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से करारी शिकस्त दी। 217 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इस जीत के असली हीरो रहे टीम के दो युवा डेब्यूटेंट तेज गेंदबाज—प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन।

डेब्यू मैच में ही छा गए हिंगे और साकिब

प्रफुल्ल हिंगे ने अपने आईपीएल डेब्यू को यादगार बना दिया। उन्होंने मैच के पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर राजस्थान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इस दौरान उन्होंने वैभव, पिटोरियस और ध्रुव जुरेल को आउट किया। इसी के साथ वे आईपीएल इतिहास में डेब्यू मैच के पहले ओवर में तीन विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए। उन्होंने 4 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

दूसरी ओर, साकिब हुसैन ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने जायसवाल, फरेरा, जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई को पवेलियन भेजा। उनका प्रदर्शन आईपीएल डेब्यूटेंट्स में सबसे बेहतरीन में से एक माना जा रहा है।

राजस्थान की इस सीजन में पहली हार

लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पहले ही ओवर में तीन विकेट गंवा दिए और जल्द ही 9 रन पर 5 विकेट खो दिए। हालांकि बाद में जडेजा और फरेरा ने 118 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। फरेरा ने 44 गेंदों में 69 रन और जडेजा ने 32 गेंदों में 45 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही राजस्थान की उम्मीदें खत्म हो गईं।

ईशान किशन की विस्फोटक बल्लेबाजी

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 216 रन बनाए। टीम की ओर से ईशान किशन ने शानदार 91 रन (44 गेंद) की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे। उनके अलावा हेनरिक क्लासेन (40 रन), नीतीश रेड्डी (28 रन) और सलील अरोड़ा (24 रन) ने भी तेज योगदान दिया। राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट हासिल किए, जबकि संदीप, रियान और तुषार को एक-एक विकेट मिला.

Leave a Comment