हरिद्वार: हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में देर रात हरिद्वार–नजीबाबाद हाईवे पर चंडी देवी रोपवे के सामने दो ट्रकों में जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ट्रकों के केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में एक ट्रक के 21 वर्षीय चालक मोंटी, निवासी हिमाचल प्रदेश, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि क्लीनर की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि दुर्घटना एक ट्रक और टाटा-407 के बीच हुई। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और काफी प्रयासों के बाद यातायात सुचारु करवाया।
