Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी: तहसील में दो जगह आग का तांडव, आवासीय भवन और सामान जलकर खाक

हर्षिल और सिल्ला गांव में लगी आग, स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आग पर पाया गया काबू, कोई जनहानि नहीं

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से आवासीय भवन और उसमें रखा हजारों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात लगभग 11:54 बजे ग्राम हर्षिल में  राजेन्द्र सिंह नेगी, निवासी ग्राम धराली (छोलमी) की लकड़ी की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही थाना हर्षिल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 1:00 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में झोपड़ी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। बताया गया कि झोपड़ी में रखा सामान साजिद (भगत) का था, जो आग की भेंट चढ़ गया।

वहीं दूसरी घटना गुरुवार सुबह लगभग 9:00 बजे भटवाड़ी तहसील के ग्राम सिल्ला में सामने आई। ग्राम प्रधान द्वारा दी गई सूचना के अनुसार जसपाल सिंह, पुत्र चैत सिंह के आवासीय भवन में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से करीब 9:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में आवासीय भवन और उसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

Leave a Comment