Udayprabhat
Entertainment

बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर पहुंची ऋषिकेश, परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में हुई शामिल

ऋषिकेश (उत्तराखंड): प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने अपने उत्तराखंड प्रवास के दौरान ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। यहां उन्होंने आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती एवं साध्वी भगवती सरस्वती से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके उपरांत भूमि पेडनेकर ने गंगा तट पर आयोजित दिव्य गंगा आरती में सहभाग किया। आरती के दौरान वातावरण भक्तिमय हो उठा और उन्होंने पूर्ण श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर भूमि पेडनेकर ने कहा कि गंगा तट पर स्थित इस पावन धाम में पहुंचकर उन्हें अपार शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि यह क्षण उनके लिए भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने अपने संबोधन में कहा कि आज जब संपूर्ण विश्व शांति और संतुलन की खोज में है, तब भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं मानवता को नई दिशा प्रदान कर सकती हैं। वहीं साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि भारतीय जीवन मूल्य करुणा, सेवा और आत्मिक जागरण पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि जब कला और फिल्म जगत से जुड़े प्रेरणादायक व्यक्तित्व आध्यात्मिकता से जुड़ते हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव समाज और युवाओं पर व्यापक रूप से पड़ता है।

इस अवसर पर आश्रम की ओर से भूमि पेडनेकर का पारंपरिक रूप से सम्मान किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, रुद्राक्ष का पौधा तथा रुद्राक्ष की माला भेंट कर अभिनंदन किया गया। यह अवसर उनके लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बन गया।

Leave a Comment